हरिद्वार। राजलोक क्षेत्र के वार्ड-60 में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित कार्य लगातार चल रहा है। हालांकि क्षेत्र में मतदाताओं के बीच जागरूकता की कमी के कारण कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड की बीएलओ (BLO) यशोदा ने बताया कि मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में क्षेत्र के कई जागरूक नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय सहयोग कर रहे हैं, जिससे कार्य को गति मिली है और लोगों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाई जा रही है।
आज क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ता देवेश वर्मा, प्रमोद धीमान, सीतराम आहूजा एवं अजय सोलानी बीएलओ के साथ मौजूद रहे तथा मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों, नाम जोड़ने, संशोधन एवं सत्यापन संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय पर अपने दस्तावेज उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य करें।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। इसके लिए सभी नागरिकों को जागरूक होकर पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए।
रिपोर्ट : राजलोक संवाददाता



